हिमाचल के कुल्लू जिले के उपमंडल आनी के तहत राणाबाग से एक किलोमीटर पीछे शनिवार को दोपहर करीब एक बजे कार गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में दो लोगों की मौत और तीन गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है, जबकि दो का आनी अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि कार आनी से देऊरी की तरफ जा रही थी। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक आनी के राणाबाग में एक कार संख्या एचपी 35-4723 अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार में सवार पांच लोगों में से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ने अस्पताल ले जाते हुए दम तोड़ दिया। हादसे में तीन लोग गंभीर घायल हो गए हैं। इनमें एक गंभीर घायल को रामपुर के खनेरी अस्पताल रेफर किया गया है।
मृतकों की पहचान गोविंद सिंह (40), निवासी फनौटी और जोरावर सिंह (40), निवासी डुहाड़ के रूप में हुई है। घायलों में रंजीत (35), राजू ठाकुर (28) और तेजा सिंह शामिल हैं। हादसे की सूचना के बाद आनी पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर घायल व्यक्तियों को रेस्क्यू कर आनी अस्पताल पहुंचाया। एसडीएम चेत सिंह ने बताया कि प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को 10-10 हजार, जबकि दो गंभीर घायलों को 5-5 हजार और एक आंशिक रूप से घायल को तीन हजार रुपये फौरी राहत दे दी गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है। मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम आनी अस्पताल में किया जा रहा है। थाना प्रभारी आनी बीएल मेहता ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि कार हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि तीन लोग घायल हो गए हैं। घायलों को उपचार के लिए आनी और शिमला रेफर किया गया है। पुलिस मामला दर्ज कर हादसे की छानबीन में जुट गई है।