हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में चूड़ी-राड़ी मार्ग पर कार दुर्घटना में चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान संदीप शर्मा (33) पुत्र भगत राम, गांव भटवाड़ा डाकघर राड़ी, उपतहसील धरवाला के रूप में हुई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चूड़ी में पुलिस की देखरेख में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक का सोमवार को पैतृक श्मशानघाट में अंतिम संस्कार कर दिया गया। जानकारी के मुताबिक राड़ी से कार में सवार होकर संदीप शर्मा सोमवार सुबह पौने नौ बजे के करीब चूड़ी पुल की ओर आ रहा था।
चुखटा टाला के पास पहुंचने पर अचानक चालक ने कार से नियंत्रण खो दिया और गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे मौखरी नाले में जा पहुंची। कार के नाले में गिरते समय चालक छिटक कर नाले से 25 मीटर ऊपर ही अटक गया। वाहन गिरने की आवाज सुनकर ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने एंबुलेंस और पुलिस को दुर्घटना की सूचना दी।
साथ ही घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चूड़ी पहुंचाया। सीएचसी चूड़ी में तैनात चिकित्सक ने घायल को मृत घोषित कर दिया। पूर्व प्रधान देशराज ने बताया कि हादसे का शिकार परिवार में अकेला कमाने वाला था। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार की हरसंभव सहायता करने की मांग की है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने चालक की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस की देखरेख में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।