उत्तराखंड हिमाचल सीमा से लगती कुल्हाल शक्ति नहर में एक कार डूब गई। करीब छह घंटे के सर्च अभियान के बावजूद कार का कोई पता नहीं चल सका है। न ही कार में डूबे लोगों की संख्या की जानकारी अब तक मिल पाई है। उत्तराखंड पुलिस व स्थानीय गोताखोरों ने सवा एक से शाम छह बजे तक सर्च अभियान चलाया। लेकिन, गाड़ी का कोई सुराग नहीं लग पाया। अब बुधवार को सर्च अभियान चलेगा।
मिली जानकारी अनुसार मंगलवार दोपहर करीब एक बजे उत्तराखंड की नहर में एक अनियंत्रित कार को लोगों ने गिरते देखा। आसपास के लोगों ने तुरंत कुल्हाल बैरियर व विकासनगर पुलिस टीम को सूचित कर दिया। इसके बाद पुलिस, करीब एक दर्जन स्थानीय गोताखोर व आपदा प्रबंधन टीम मौके पर पहुंची। गोताखोर टीम ने एक घंटे तक पहले कई फीट गहरी नहर में गाड़ी की तलाश की।
लेकिन कोई पता नहीं चल सका। टीम ने लंबे रस्से से नहर का करीब 400 मीटर क्षेत्र खंगाला। सवा एक बजे दोपहर से शाम छह बजे तक सर्च अभियान में भारी संख्या में जवान शामिल हुए। स्थानीय गोताखोर भी अभियान में जुटे रहे। लेकिन, देर शाम तक गाड़ी का कोई पता नहीं चल पाया है। अंधेरा होने के कारण शाम करीब छह बजे अभियान को रोक दिया गया।
अब बुधवार को सर्च अभियान फिर शुरू होगा। उधर, डीएसपी विकासनगर भूपेंद्र सिंह धोनी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद नहर में डूबी कार व लोगों को खोजने को सर्च अभियान चलाया गया। लेकिन, देर शाम तक कोई पता नहीं चल सका है। अब बुधवार सुबह फिर से सर्च अभियान चलेगा। गाड़ी में कितने लोग सवार थे, इसका भी पता नहीं चल सका है।