फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बर्फ में स्किड होकर गहरी खाई में गिरी कार, शिक्षक समेत दो की मौत

Tue, 28 Jan 2020 01:36 PM IST
Krishan Singh न्यूज डेस्क, अमर उजाला, संगड़ाह/ नौहराधार (सिरमौर)
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर
विज्ञापन

हिमाचल के सिरमौर जिले में हरिपुरधार-नाहन सड़क मार्ग पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। बिरवाना मोड़ के समीप बर्फ के बीच स्किड होकर एक कार करीब 300 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में दो व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे का शिकार हुआ जेबीटी शिक्षक प्रेमदत्त शर्मा, शिमला सिटी के डीएसपी का भाई बताया जा रहा है।

विज्ञापन


संगड़ाह पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। बर्फबारी के बीच घंटों तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद दोनों शव खाई से बाहर निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए हरिपुरधार अस्पताल भेजे गए हैं। प्रशासन ने मृतक के परिजनों को बीस-बीस हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की है। सिरमौर के ऊंचे इलाकों में जमकर बर्फबारी हो रही है। हरिपुरधार में सुबह चार सेंटीमीटर बर्फबारी हुई थी।

बर्फबारी के बीच जेबीटी शिक्षक प्रेमदत्त शर्मा (45) निवासी बियोंग और शुभम उर्फ बंटी (26) निवासी चुनवी होंडा अमेज कार (एचपी 78-0861) में सवार होकर नाहन की ओर आ रहे थे। वीरवाना के समीप कार अचानक बर्फ में स्किड होकर करीब 300 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसों में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई।
विज्ञापन


भारी बर्फबारी के चलते मृतकों के शवों को सड़क तक पहुंचाने में काफी समय लग गया। प्रेमदत्त नाहन शिक्षा खंड के नगोली में जेबीटी शिक्षक के पद पर कार्यरत था। एसपी अजय कृष्ण शर्मा ने दुर्घटना की पुष्टि की है। अजय कृष्ण शर्मा ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही संगड़ाह थाना की पूरी टीम मौके पर भेजी गई थी। बर्फबारी के बीच रेस्क्यू चलाकर दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए हरिपुरधार अस्पताल भेजे गए हैं।

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह बर्फ में गाड़ी का स्किड होना माना जा रहा है। मेकेनिकल जांच के बाद ही दुर्घटना के असली कारणों की पुष्टि हो जाएगी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। नायब तहसीलदार विनय शर्मा ने बताया कि पीडि़त परिवारों को 20-20 हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की गई है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें