उपमंडल जोगिंद्रनगर के लडभड़ोल क्षेत्र के लकेहड़ में एक कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई और गिरते ही उसमें आग लग गई। इस दौरान कार सवार ने कूदकर अपनी जान बचाई। कार सवार भारतीय सैनिक बताया जा रहा है। वह अवकाश पर घर आया है। एहजू-बसाही सड़क पर सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे हुए हादसे में क्षेत्र में अफरा तफरी फैल गई।
विज्ञापन
कार में सवारों के फंसे होने की अंदेशे के चलते ग्रामीणों ने रेस्क्यू अभियान चलाया लेकिन कार आग का गोला बन चुकी थी। कार सवार की पहचान कलैहड़ू निवासी अभिषेक के रूप में हुई है। घायल सैनिक अभिषेक ने बताया कि वह कोलंग से एहजू जा रहा था। अचानक कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे गहरी खाई में गिरते ही धू-धू कर जल उठी।
उन्होंने बताया कि उसने कूदकर अपनी जान बचाई। लडभड़ोल तहसील की तहसीलदार मेघना गोस्वामी ने बताया कि पटवारी की रिपोर्ट के अनुसार कार में सवार एक व्यक्ति को आंशिक चोटें आई हैं। किसी के भी जानी नुकसान की सूचना नहीं है। हादसे के कारणों को लेकर स्थानीय पुलिस ने जांच शुरू की है।