भाजपा के बागी संजीव से मिले लखनपाल
गत विस चुनावों में बड़सर में भाजपा से बागी होकर चुनाव लड़ने वाले संजीव शर्मा से भाजपा प्रत्याशी इंद्रदत्त लखनपाल ने मंगलवार को बिझड़ में दुकान में पहुंचकर मुलाकात की। लखनपाल ने संजीव शर्मा से चुनावों के लिए समर्थन मांगा है। हालांकि संजीव शर्मा की तरफ से समर्थन को लेकर समर्थकों से चर्चा के बाद निर्णय लेने की बात कही गई है। ऐसे में यहां पर भाजपा के बागी संजीव शर्मा को साधने के प्रयास सिरे नहीं चढ़े हैं। संजीव शर्मा की भाजपा में अभी तक वापसी नहीं हुई है। भाजपा के बागी संजीव शर्मा का कहना है कि वह समर्थकों से चर्चा के बाद ही बड़सर से भाजपा प्रत्याशी को समर्थन के विषय में निर्णय ले सकते हैं। लोगों के समर्थन से पिछली दफा चुनाव लड़ा गया है। इस बार भी समर्थकों का जो निर्णय होगा, उसके अनुसार की कार्य होगा।
पार्टी के पदाधिकारियों के साथ मिलकर सभी को एक साथ लेकर चलने का प्रयास किया जा रहा है। रुठों को भी जल्द ही मना लिया जाएगा।- राजेंद्र राणा, सुजानपुर से भाजपा प्रत्याशी
एक फौजी के नाते वह हमीरपुर की लड़ाई लड़ने के लिए उतरे हैं। यदि किसी अन्य दल से टिकट का ऑफर मिलता है तो समर्थकों से चर्चा की जाएगी। वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए ऑफर मिलने पर इसे स्वीकार करने से कोई गुरेज नहीं होगा। - कैप्टन रंजीत राणा, पूर्व प्रत्याशी, सुजानपुर