एसएससी की परीक्षा में एक परीक्षार्थी को नकल करते पकड़ा गया है। राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर के परीक्षा केंद्र में आरोपी कान में ब्लूटूथ डिवाइस लगाकर नकल कर रहा था। आरोपी युवक को कॉलेज प्रबंधन ने पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर आरोपी के खिलाफ धारा 420 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
शिवम मलिक पुत्र आनंद प्रकाश मलिक निवासी सयामली, उत्तर प्रदेश एसएससी की परीक्षा देने राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर पहुंचा। शिवम प्रात: कालीन सत्र में परीक्षा दे रहा था। इस दौरान शिवम ने कान में ब्लूटूथ डिवाइस लगा रखा था और इसके जरिये नकल कर रहा था।
परीक्षा हाल में नियुक्त प्रवक्ता को शिवम मलिक की हरकतों पर संदेह हुआ। इसके चलते प्रवक्ता ने उसकी तलाशी ली। इस दौरान उसके कान में एक ब्लूटूथ डिवाइस लगा हुआ पाया। इस डिवाइस के माध्यम से शिवम को कॉल के माध्यम से एक अन्य व्यक्ति नकल करवा रहा था।