10वीं हीरो एमटीबी हिमालया-2014 साइकिल रैली कनाडा ने जीत ली है। हिमालय एडवेंचर स्पोर्ट्स एंड टूरिज्म प्रमोशन एसोसिएशन (हस्तपा) की आयोजित इस रैली का शिमला में समापन हो गया।
वुमन सोलो वर्ग में पुर्तगाल की सोनिया लोपेज, मेन सोलो में कनाडा के कोरी वॉलेस और मास्टर सोलो वर्ग में कनाडा के जॉन फंक ने रेस जीत कर पहला स्थान हासिल किया।
इसके अलावा वुमन सोलो वर्ग के दूसरे स्थान पर भारत की मोनिका, मेन सोलो के दूसरे स्थान पर आस्ट्रिया के मेनुअल विसनबेकर और एंड्रियास हार्टमेन तीसरे स्थान पर रहे। इसी तरह मास्टर सोलो वर्ग में यूके के माइक मेकलीन दूसरे और कनाडा के गेरी ने तीसरा स्थान हासिल किया।
टीम ग्रुप में चमके ये खिलाड़ी
टीम आफ टू वर्ग में नेपाल के आयमान तमांग और बुद्धि बहादुर तमांग ने पहला स्थान हासिल किया। जबकि इसी वर्ग में इंडियन आर्मी टीम के नरेश बर्मन और पूर्ना बहादुर दूसरे और तीसरे स्थान पर भी इंडियन आर्मी के साइकिलर मनजीत और शिशिर मान रहे।
साइकिल रैली शिमला के वुडविला पैलेस से ठियोग, मतियाना, नारकंडा, जलोरी, लूरी, किंगल जैसे कई पहाड़ी और कठिन रास्तों से होकर गुजरी।
67 साइकिलिस्ट ने दिखाया दम
27 सितंबर को शिमला से शुरू हुई इस प्रतियोगिता में देश-विदेश के 67 साइकिलिस्ट शामिल हुए। इन सात दिनों में खिलाड़ियों ने 100 गांवों से होते हुए 500 किलोमीटर की दूरी तय कर 3050 फीट की ऊंचाई तक पहुंचे। प्रतिभागियों में दिल्ली, चंडीगढ़ की महिला साइकिलिस्ट के अलावा विदेशी महिला साइकिलिस्ट भी शामिल हुई।
नेपाल, हॉलैंड, बांग्लादेश, आस्ट्रिया, जर्मनी, पुर्तगाल, कनाडा, बेल्जियम, पोलैंड, यूके, कोलंबिया से भी अंतरराष्ट्रीय साइकिलिस्ट शामिल हुए। इंडियन एयरफोर्स और आर्मी के राइर्ड्स भी प्रतियोगिता में शामिल हुए। इस बार अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त राइडर्स आस्ट्रिया से वॉल्फगांग, भारत से देवेंद्र ठाकुर और कनाडा से कॉरी वालेस अपना दमखम नहीं दिखा पाए।