एचपीयू की अकादमिक काउंसिल की स्टैंडिंग कमेटी ने कॉलेजों में लागू रूसा सीबीसीएस यूजी कोर्स के नए सिलेबस को मंजूरी दे दी है। यूजीसी की गाइडलाइन के मुताबिक तैयार किए गए इस सिलेबस को बोर्ड ऑफ स्टडीज, उसके बाद फैकल्टी से मंजूरी मिलने के बाद इसे मंगलवार को अकादमिक काउंसिल की स्टैंडिंग कमेटी के समक्ष मंजूरी के लिए रखा गया।
मंगलवार को अधिष्ठाता अध्ययन प्रो. गिरिजा शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में मौजूद सभी विभागों के डीन ने चरचा के बाद तैयार सिलेबस को मंजूरी प्रदान की। इस सिलेबस को यूजीसी की रूसा सीबीसीएस के लिए तय किए गए मानकों के मुताबिक ही तैयार किया गया है। इससे अब कॉलेजों में यूजी कोर्स में पढ़ाए जाने वाले सभी कोर्स में एकरूपता आएगी। हर विषय का सिलेबस जल्द विवि की वेबसाइट पर उपलब्ध करवाया जाएगा।
अब नए सिलेबस को जल्द होने वाली विवि की कार्यकारी परिषद में अंतिम मंजूरी के लिए रखा जाएगा। प्रदेश विश्वविद्यालय के पूर्व में लागू रूसा सिस्टम के सिलेबस में बदलाव कर दिया गया है। बैठक में विवि के परीक्षा नियंत्रक डा. जेएस नेगी विशेष रूप से मौजूद रहे, उन्होंने नए सिलेबस के मुताबिक परीक्षा से संबंधित विषयों पर डीन से चरचा की।
मीटिंग में ये रहे मौजूद
बैठक में लाइफ साइंस डीन प्रो. एसएस कंवर, सोशल साइंस डीन प्रो. एसएस चौहान, फिजिकल साइंस डीन प्रो. एमएस चौहान, डीन इंजीनियररिंग एंड टेक्नालॉजी प्रो. नीरज शर्मा, डीन एजूकेशन प्रो. एसके शर्मा, डीन विधि प्रो. कंवलजीत सिंह, डीन मैनेजमेंट एंड कामर्स प्रो. कुलवंत पठानिया सहित, प्रधानाचार्य टांडा मेडिकल कॉलेज प्रो. अनिल चौहान, डेंटल कॉलेज प्राचार्य प्रो. आरपी लूथरा आदि भी मौजूद रहे।