हिंदी और गणित विषय को पढ़ाने का तरीका बदला जा रहा है। दोनों विषयों के प्रति स्कूली बच्चों में रोचकता बढ़ाने के लिए जिला सिरमौर के सरकारी स्कूलों में माइंड स्पार्क प्रोग्राम शुरू किया जा रहा है।
इस प्रोग्राम में पहली से आठवीं कक्षा तक प्रति सप्ताह तीन विशेष पीरियड लगाए जाएंगे। आईसीटी लैब में स्कूली बच्चों को कंप्यूटर के माध्यम से स्वयं लिखकर पढ़ाया जाएगा। इस कार्यक्रम से बच्चों की विषयों के प्रति जिज्ञासा बढ़ाई जाएगी।
मंगलवार को प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय और अहमदाबाद की कंपनी के बीच इस प्रोग्राम को लेकर एमओयू साइन हुआ है। शिक्षा निदेशक रोहित जमवाल ने बताया कि तीन साल के लिए इस प्रोग्राम को चलाया जाएगा।
प्रारंभिक चरण में जिला सिरमौर से यह प्रोग्राम शुरू होगा। सिरमौर जिला के घटते परिणामों को देखते हुए जिला का चयन किया गया है। उन्होंने बताया कि माइंड स्पार्क प्रोग्राम के तहत छात्र-छात्राओं को पासवर्ड और लागइन दिए जाएंगे।
स्कूल के सभी शिक्षकों को माइंड स्पार्क प्रोग्राम का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस प्रोग्राम में स्कूली बच्चों में हिंदी भाषा और गणित विषय के अध्ययन के परिणाम को बढ़ाया जाएगा।
बच्चों में हिंदी और गणित के प्रति रोचकता पैदा की जाएगी। कंप्यूटर के माध्यम और अन्य सरल और खेल-खेल के तरीकों से बच्चों को पढ़ाया जाएगा। प्रोग्राम से बच्चों में दोनों विषयों को लेकर जिज्ञासा बढ़ाई जाएगी।