हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय प्रदेश के निजी कॉलेजों में खाली बीएएमएस और बीएचएमएस कोर्स की सीटों के लिए 30 और 31 मार्च को काउंसलिंग करेगा। इसके लिए नीट यूजी 2020 की परीक्षा के प्राप्तांक आधार पर पात्र अभ्यर्थियों का प्रवेश के लिए चयन होगा। अभ्यर्थियों को तय की गई तिथि पर काउंसलिंग में व्यक्तिगत तौर पर शामिल होना होगा। काउंसलिंग के शेडयूल के मुताबिक अभिलाषी आयुर्वेदिक कॉलेज एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट चैलचौक मंडी की रिक्त रहीं बीएएमएस की 9 सीटों के लिए 30 मार्च को कॉलेज में ही काउंसलिंग होगी।
शिवा आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज चांदपुर जिला बिलासपुर की बीएएमएस की 17 सीटों के लिए तीस मार्च को काउंसलिंग होनी है, जबकि सोलन होम्योपैथी कॉलेज की बीएचएमएस कोर्स की 41 सीटों के लिए 31 मार्च को संस्थान में ही काउंसलिंग आयोजित की जानी है। अभ्यर्थियों को अपनी शैक्षणिक योग्यता सहित सभी आवश्यक दस्तावेज साथ लाने होंगे। विवि ने सारी जानकारी वेबसाइट पर भी डाल दी है। एचपीयू की वेबसाइट के माध्यम से अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
एमएससी, पोस्ट बेसिक नर्सिंग के लिए सीट आवंटन सूची जारी
सिस्टर निवेदिता नर्सिंग कॉलेज शिमला आईजीएमसी में खाली एमएससी और बीएससी नर्सिंग की सीटों को भरने के लिए आयोजित की गई काउंसलिंग के आधार पर एचपीयू ने सीट आवंटन सूची जारी कर दी है। इसमें एमएससी नर्सिंग की तीन और पोस्ट बेसिक नर्सिंग कोर्स की चार सीटों को आवंटित किया गया है। सूची को विवि की वेबसाइट पर उपलब्ध करवा दिया गया है। सूची में शामिल अभ्यर्थियों को तीस मार्च तक संस्थान में ज्वाइनिंग देनी होगी।