हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय को हर हाल में इस माह अंत तक रूसा सीबीसीएस के पहले यूजी डिग्री कोर्स के बैच के छठे सेमेस्टर का परिणाम निकालना बड़ी चुनौती होगा। अगर छठे सेमेस्टर का परिणाम न निकला तो डिग्री पूरी नहीं पानी जा जाएगी। इसी परिणाम के आधार पर छात्रों को प्रदेश और प्रदेश के बाहर पीजी कोर्स में प्रवेश मिल पाएगा।
पीजी कोर्स के साक्षात्कार में यूजी डिग्री का रिजल्ट जरूरी होता है। यदि 30 जून तक परिणाम न निकला तो इससे एचपीयू का अपना पीजी डिग्री कोर्स साक्षात्कार का शेडयूल गड़बड़ा सकता है, और छात्रों को प्रदेश के बाहर भी पीजी कोर्स में प्रवेश लेन में मुश्किलें पेश आ सकती है। रूसा सीबीसीएस के पहले बैच के हजारों छात्रों को छठे सेमेस्टर के परिणाम के घोषित होने का बेसब्री से इंतजार है।
हालांकि विश्वविद्यालय ने अंतिम सेमेस्टर की परीक्षा दे चुके पहले बैच के इन छात्रों के पिछले सेमेस्टर के परिणाम को सेटल कर घोषित करने को विशेष कसरत कर निपटाने का कार्य किया है। अब बात सिर्फ छठे सेमेस्टर का परिणाम आने पर ही टिकी हुई है। इस
सेमेस्टर का परिणाम आने पर ही यूजी डिग्री का ओवरआल परिणाम और ग्रेड घोषित हो सकेगा। रूसा में ईयर सिस्टम की तरह से बिना परिणाम घोषित किए गोपनीय परिणाम जारी करने की व्यवस्था भी नहीं हो सकेगी। ऐसे में परिणाम में देरी होने पर साक्षात्कार और प्रवेश की प्रक्रिया लटक सकती है।
पहले भी होती रही है परिणाम में देरी
Result
एचपीयू में यूजी कक्षाओं के फाइनल ईयर का परिणाम घोषित करने में पहले भी दो-दो माह की देरी होती रही है। पुराने ईयर सिस्टम में पीजी में प्रवेश लेने के लिए साक्षात्कार देने वाले छात्रों को विश्वविद्यालय गोपनीय परिणाम जारी करने की व्यवस्था लागू करता रहा है। रूसा में चूंकि सभी छह सेमेस्टर का परिणाम घोषित होने के बाद ही पूरा परिणाम तैयार कर ऑनलाइन जारी होता है, तो इस बार गोपनीय परिणाम देना भी संभव नहीं होगा।
29,900 छात्रों ने दी है यूजी के छठे सेमेस्टर की परीक्षा
रूसा सीबीसीएस के तहत स्नातक डिग्री के प्रदेश भर के पहले बैच के करीब 29,900 छात्रों ने स्नातक छठे सेमेस्टर की परीक्षा दी है। इनको पीजी में प्रवेश के लिए जुलाई महीना शुरू होने से पहले हर हाल में रिजल्ट की जरूरत रहेगी।
30 से पहले रिजल्ट घोषित करने का लक्ष्य: डॉ. जेएस नेगी
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. जेएस नेगी का दावा है कि पीजी कोर्स के प्रदेश विश्वविद्यालय और बाहरी विश्वविद्यालयों के शेड्यूल को देखते हुए 30 जून तक छठे सेमेस्टर का परिणाम घोषित करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि अवार्ड एंट्री का काम दिन रात चल रहा है, कर्मचारी देर शाम तक बैठ कर इसे निपटा रहे हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों को परिणाम के कारण कोई परेशानी न आए इसकी पूरी कोशिश की जा रही है।
यह है एचपीयू का साक्षात्कार शेडयूल
1.एमएड/एमएससी फिजिक्स/केमिस्ट्री/ज्योग्राफी, 20 जुलाई
2. एमए /एमएससी मैथ, पीजीडीएमसी/एमए सोशल वर्क 25 जुलाई
3. एमएससी बॉटनी/जूलॉजी/ एमएमसी 27 जुलाई
4. एलएलबी तीन वर्षीय कोर्स 27 जुलाई से
5.एमए इंग्लिश/ एमबीई /साइकोलॉजी/ लोक प्रशासन, शारीरिक शिक्षा/ समाज शास्त्र / परफार्मिंग आर्ट
म्यूजिक, /योगा ग्रामीण विकास/एमपीएड / एम कॉम 28 जुलाई
6. एमए इतिहास/संस्कृत/ अर्थशास्त्र/हिंदी/ विजुअल आर्ट पेंटिंग, ट्रांसलेशन 29 जुलाई
पीएचडी में प्रवेश को 28 तक मांगे आवेदन
Students
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय अधिष्ठाता अध्ययन कार्यालय ने पीएचडी में शैक्षणिक सत्र जून 2016 में सीधे प्रवेश के लिए आवेदन आमंत्रित किए है। विवि के विविन्न टीचिंग विभागों में उपलब्ध सीटों के मुताबिक प्रवेश का 28 जून तक आवेदन करना होगा। इसके लिए तय की गई पात्रता शर्तें और अन्य योग्यताओं का ब्यौरा विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध करवाई गई है।
विभागों में उपलब्ध सीटों के ब्यौरे के मुताबिक गणित विभाग में एक, फिजिक्स में आठ, बायोटेक में दो, कंप्यूटर साइंस में तीन, इतिहास में छह, लोक प्रशासन में 12, केमिस्ट्री में 4 बायो साइंस में तीन, पत्रकारिता विभाग में आठ, इंग्लिश में दो विधि विभाग में तीन, शिक्षा में आठ और कामर्स विभाग में 14 सीटें उपलब्ध है। Published by Arvind Thakur