हिमाचल प्रदेश तकनीकी विवि हमीरपुर 11 अगस्त से बी-फार्मेसी डायरेक्ट एंट्री, बी-फार्मेसी (आयुर्वेद), बीबीए, बीसीए, बीएससी (एचएमसीटी/बीएचएमसीटी) और एमटेक विषयों में दाखिला लेने के लिए की ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू करेगा। विद्यार्थी तकनीकी विवि की वेबसाइट पर काउंसलिंग प्रक्रिया का पूरा शेड्यूल देख सकते हैं। 11 अगस्त को केवल खेल, पूर्व सैनिक और पिछड़ा वर्ग श्रेणी के प्रमाण पत्र वाले विद्यार्थियों को दस्तावेज जांच के लिए तकनीकी विवि परिसर दड़ूही में आना होगा। 12 से 14 अगस्त तक विद्यार्थियों को काउंसलिंग फार्म अपडेट करने का समय दिया जाएगा। 16 से 19 अगस्त तक काउंसलिंग फार्म में दस्तावेज अपलोड और शिक्षण संस्थान चयन कर सकते हैं।
21 अगस्त को पहले चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग का परिणाम घोषित करेगा। 22 से 26 अगस्त तक विद्यार्थियों को ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया में आबंटित शिक्षण संस्थान में रिपोर्ट करनी होगी। इसी के साथ ही तकनीकी विश्वविद्यालय ने बीटेक डायरेक्ट और लेटरल एंट्री सहित बी-फार्मेसी लेटरल, एमबीए (प्रबंधन), एमबीए (टीएंडएचएम), एमसीए, एम फार्मेसी, एमएससी (भौतिक विज्ञान), एमएससी (पर्यावरण विज्ञान), पीजी डिप्लोमा योग विषयों में दाखिला लेने के लिए 25 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। तकनीकी विवि के अधिष्ठाता शैक्षणिक प्रो. राजेंद्र गुलेरिया ने कहा कि 25 केे बाद उपरोक्त विषयों में दाखिला लेने के लिए ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी। जिसकी डिटेल तकनीकी विवि की वेबसाइट पर जल्द ही अपडेट की जाएगी।