नीट परीक्षा में शिमला की भाव्या शर्मा हिमाचल में टॉपर बनी हैं। उन्होंने देश में 400वां रैंक (685 अंक) हासिल किया है। इनका सामान्य श्रेणी में 269वां रैंक है। भाव्या ने बताया कि वह इस परीक्षा की तैयारी तीन साल से कर रही थीं। भाव्या का अब दिल्ली के लेडी हॉर्डिंग जैसे नामी संस्थान में प्रवेश पाकर डिग्री पूरी करने का सपना है। एस्पायर संस्थान के निदेशक योगेंद्र मीणा ने दावा किया है कि भाव्या के सामान्य श्रेणी में प्रदेश में सर्वाधिक अंक हैं। नीट परीक्षा में प्रदेश में टॉप करने वाली भाव्या के पास आज तक अपना मोबाइल फोन और सोशल मीडिया में कोई अकाउंट तक नहीं है।
वह सीबीएसई की 12वीं कक्षा की प्रदेश की टॉपर रही हैं। केवीपीवाई की राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में 68वां स्थान पा कर इतिहास रच चुकी है। चिकित्सक पिता डॉ. राजेश शर्मा के बनाए स्टडी प्लान के मुताबिक सुबह 6 बजे फार्मूले याद करने से दिन शुरू होता था। हर विषय पढ़ने के लिए समय निर्धारित था। माता डॉ. विनीता शर्मा और पिता ने हमेशा आगे बढ़ने को प्रेरित किया। एस्पायर कोचिंग संस्थान से मार्गदर्शन मिला। हर रोज लॉकडाउन के दौरान ऑनलाइन टेस्ट दिए। शाम को छोटे भाई अद्वित के साथ बैडमिंटन खेलकर रिलेक्स होती थीं।