भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हिमाचल दौरे पर आकर अपने के कद के हिसाब से बयानबाजी नहीं कर रहे हैं। केंद्र की तरफ से कोई राहत प्रदेश को नहीं मिली है। रूटीन का बजट हिमाचल को अब तक जारी हुआ है। विशेष पैकेज की मांग पर भी जेपी नड्डा ने चुप्पी साधे रखी। हमीरपुर दौरे के दौरान नए मंत्री बने मंत्री राजेश धर्माणी ने यह बात कही।
सुंदरनगर में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कांग्रेस की गारंटियों को लेकर सवाल उठाए थे। जिसके जवाब में राजेश धर्माणी ने यह बयान दिया है। उनके हमीरपुर पहुंचने पर केसीसी बैंक चेयरमैन कुलदीप पठानिया, वरिष्ठ कांग्रेसी देवीदास शंहशाह, सुमन भारती, अंशुल शर्मा ने स्वागत किया। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता बेवजह बयानबाजी कर रहे हैं।
कांग्रेस सरकार ने तीन गांरटी को पूरा कर दिया है। मुख्यमंत्री सुक्खू बदलाव लाने का दम रखते है और वह इस काम को पूरा भी कर रहे हैं। कांग्रेस सरकार में क्रांतिकारी कदम एक साल में उठाए गए हैं और जिन कामों को भाजपा असंभव समझती थी, उन्हें किया है।
उन्होंने कहा कि वाटर सेस लगाने में कांग्रेस पार्टी ने काम किया है जिसे भाजपा कभी नही कर पाई थी। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के कांग्रेस सरकार की गांरटियों पर की जा रही टिप्पणियों पर धर्माणी ने कहा कि कांग्रेस ने दी गई गारंटियों पर काम करना शुरू कर दिया है। चौथी गोबर खरीदने वाली गारंटी को जनवरी में पूरा किया जाएगा।