उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर ने विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री की ओर से एक्सीडेंट से मुख्यमंत्री की कुर्सी जाने वाले बयान पर टिप्पणी करते हुए कहा है कि मुकेश अग्निहोत्री को सभ्य भाषा का प्रयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि उपचुनावों में चार सीटें जीतने के बाद विपक्ष के नेता होश में नहीं हैं। विपक्ष के नेता की मुख्यमंत्री बनने की इच्छा कभी पूरी नहीं होगी, क्योंकि उन्हें हरोली में हराने के लिए कांग्रेस के भीतर ही एक बड़ा धड़ा काम कर रहा है।
बिक्रम ठाकुर ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की दरियादिली का जिक्र करते हुए कहा कि आज मुकेश अग्निहोत्री जिस मुख्यमंत्री के खिलाफ असभ्य भाषा का प्रयोग कर रहे हैं, वह उन्हीं की मेहरबानी से विपक्ष के नेता हैं। अवैध खनन पर दिए गए मुकेश अग्निहोत्री के बयान पर पलटवार करते हुए उद्योग मंत्री बिक्रम ठाकुर ने कहा कि पंजाब के अधिकांश कांग्रेसी नेताओं को उस समय खनन के पट्टे दिए, जब मुकेश अग्निहोत्री स्वयं उद्योग मंत्री थे।
खनन के लिए लीज ही नहीं बल्कि इन लोगों को क्रेशरों का मालिक भी कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में ही बनाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि चिट्टे के धंधे में संलिप्त कारोबारियों पर कांग्रेस मेहरबान रही। जिला ऊना ही नहीं बल्कि पूरा प्रदेश यह जानता है कि अवैध खनन व अवैध नशे के सौदागरों को किन नेताओं का संरक्षण प्राप्त था। उन्होंने मुकेश अग्निहोत्री को सलाह देते हुए कहा कि वे अपने आप को प्रदेश में बड़ा लीडर स्थापित करने के लिए असभ्य भाषा का प्रयोग न करें।
जयराम के खिलाफ बेबुनियाद बयानबाजी कर रहे मुकेश: जम्वाल
भाजपा प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जम्वाल ने कहा है कि कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को लेकर बेबुनियाद बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुकेश अग्निहोत्री केवल अपनी राजनीति चमकाने की कोशिश कर रहे हैं। वर्तमान में कांग्रेस की लड़ाई सड़कों तक उतर आई है। उन्हें यह लड़ाई नहीं दिखती। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से जयराम सरकार ने शराब, खनन और वन माफिया पर नकेल कसी है।
वह सराहनीय है। यह आज से पहले कभी नहीं हुआ। हिमाचल की जनता जानती है की काम किसने किया है और लोगों को गुमराह किसने किया है। कांग्रेस को पता है कि आने वाले विधानसभा चुनाव में वे भाजपा से एक बार फिर हारने वाली है। हिमाचल प्रदेश में केंद्र सरकार के जल जीवन मिशन के तहत चंबा जिले में सभी घरों को पेयजल कनेक्शन देने का लक्ष्य हासिल कर लिया है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व मे प्रदेश भाजपा सरकार प्रतिमाह 60 यूनिट विद्युत खपत पर प्रदेश के घरेलू उपभोक्ताओं से कोई विद्युत शुल्क नहीं लेगी। साथ ही 125 यूनिट विद्युत खपत वाले घरेलू उपभोक्ताओं से प्रति यूनिट केवल एक रुपये विद्युत शुल्क लिया जाएगा। कांग्रेस नेताओं को जनता के हक के काम देखने चाहिए और फिर टिप्पणी करनी चाहिए।