उपचुनाव धर्मशाला में सोमवार को वीवीपैट का रोल न घूमने के कारण मतदान प्रभावित हुआ। मतदान के दौरान ईवीएम के साथ वीवीपैट के अंदर लगे रोल नहीं घूम रहे थे। ऐसे में चुनाव आयोग को ऐसी मशीनों को बदलना पड़ा। इससे मतदान कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ।
उपचुनाव में सोमवार को धर्मशाला में दस ईवीएम के खराब होने के मामले सामने आए। पांच ईवीएम मॉक पोल के दौरान ही खराब निकलीं। पांच मशीनें मतदान के बीच में खराब हो गईं।
इस दौरान कुछ देर के लिए मतदान रोकना पड़ा, लेकिन चुनाव आयोग ने तुरंत पोलिंग बूथों पर खराब ईवीएम को बदलकर मतदान को फिर से शुरू करवाया।
सोमवार को उपचुनाव के दौरान भागसू-2, धर्मशाला-दो, पटोहला-2, जटेहड़ और रक्कड़ में ईवीएम मॉक पोल के दौरान ही खराब पाई गईं।
रामनगर-2, शामनगर-2, कंड, दाड़ी-तीन और योल-चार में मतदान के बीच ईवीएम खराब हो गईं। उधर, निर्वाचन अधिकारी डॉ. हरीश गज्जू ने बताया कि सोमवार को कुछ पोलिंग स्टेशन में ईवीएम खराब होने की सूचना मिली थी, जिन्हें तुंरत बदलकर मतदान सुचारु किया गया।