भोरंज उपचुनाव में कांग्रेस और भाजपा के टिकट को रस्साकशी तेज हो गई है। भाजपा से तीन तो कांग्रेस से चार लोग टिकट की दौड़ में हैं। भोरंज उपचुनाव घोषित होने के बाद नामांकन की अंतिम तिथि 21 मार्च है। 22 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच होगी जबकि 24 मार्च को नाम वापस लिए जाएंगे। उपचुनाव 9 अप्रैल को होगा और मतगणना 13 अप्रैल को होगी।
यह सीट भाजपा विधायक आईडी धीमान के निधन के बाद खाली हुई है। भोरंज सीट के लिए भाजपा से पूर्व शिक्षा मंत्री आईडी धीमान के बेटे अनिल धीमान, प्रदेश भाजपा सचिव कमलेश कुमारी और जिला परिषद सदस्य पवन कुमार टिकट की दौड़ में शामिल हैं। इस सीट के लिए आईडी धीमान के बेटे अनिल धीमान की प्रबल दावेदारी मानी जा रही है जबकि कमलेश कुमारी की संगठन में अच्छी पैठ है।
पवन कुमार लगातार तीन बार जिला परिषद का चुनाव जीत चुके हैं। इनकी भी जनता में अच्छी पकड़ मानी जा रही है। इसी तरह कांग्रेस में डॉ. रमेश डोगरा को पिछली बार टिकट मिला तो उन्होंने उस समय भाजपा के प्रत्याशी पूर्व मंत्री आईडी धीमान को अच्छी टक्कर दी थी।
एपीएमसी हमीरपुर के चेयरमैन प्रेम कौशल भी यहां से चुनाव लड़ चुके हैं और सीएम वीरभद्र सिंह के करीबियों में माने जाते हैं। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू के करीबी एवं प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष डॉ. सुरेश कुमार ने भी दो बार चुनाव लड़ा है। जिला परिषद प्रतिनिधि रह चुकीं प्रोमिला भी रेस में मानी जा रही हैं।