कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजा का तालाब गारन पेट्रोल पंप से लेकर धमेटा तक स्थानीय कांग्रेस नेताओं निशवार ठाकुर, चेतन चंबियाल, रीता गुलेरिया और राघव पठानिया के नेतृत्व में बाइक, कार और ट्रैक्टर के माध्यम से रोड शो किया।
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के फतेहपुर कांग्रेस में एक बार फिर गुटबाजी उभरकर सामने आई है। फतेहपुर कांग्रेस के एक गुट ने परिवारवाद का मुद्दा उठाकर उपचुनाव में किसी अन्य स्थानीय नेता या कार्यकर्ता को प्रत्याशी घोषित करने की पैरवी की है।
विज्ञापन
कार्यकर्ता को सम्मान दो, कार्यकर्ता को टिकट दो के नारे के साथ सोमवार को कार्यकर्ताओं ने राजा का तालाब गारन पेट्रोल पंप से लेकर धमेटा तक स्थानीय कांग्रेस नेताओं निशवार ठाकुर, चेतन चंबियाल, रीता गुलेरिया और राघव पठानिया के नेतृत्व में बाइक, कार और ट्रैक्टर के माध्यम से रोड शो किया।
उपचुनाव में टिकट के चाहवान नेताओं चेतन चंबियाल ने कहा कि परिवारवाद को छोड़कर किसी भी कार्यकर्ता को टिकट दिया जाए। उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति ने आज तक एक दिन, एक घंटा भी पार्टी को नहीं दिया, उसे टिकट मिलने पर साथ नहीं चलेंगे। निशवार ठाकुर ने कहा कि आम कार्यकर्ता को आगे आने का मौका मिलना चाहिए। पार्टी कार्यकर्ता को सम्मान दें, कार्यकर्ता को टिकट दें।
विज्ञापन
राघव पठानिया ने कहा कि क्या राजा का बेटा ही राजा बनेगा। राजा वह बनेगा, जो मतपेटी से निकलेगा। उन्होंने जय भवानी के नारे पर कहा कि जय भगवान की होती है, इंसान की जय नहीं होनी चाहिए। उन्होंने पंडाल में मौजूद कार्यकर्ताओं की ओर इशारा कर कहा कि इतना बड़ा वर्करों का समूह जिसके पास होगा, वह हारेगा नहीं। वहीं, रीता गुलेरिया ने भी परिवारवाद को छोड़कर किसी कार्यकर्ता को टिकट देने की पैरवी की।