पुराना बस अड्डे से मिलेगी सुविधा, आनंदपुर, शोघी से आवश्यकता के अनुसार चलेंगी शटल बस सेवा
-क्षेत्रीय प्रबंधक ने बस सेवा को लेकर जारी किए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। नवरात्र उत्सव में राजधानी के तारादेवी माता मंदिर में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं को हिमाचल पथ परिवहन निगम आधे घंटे के अंतराल पर पुराने बस अड्डे से बसें चलाएगा। यह व्यवस्था 11 अक्तूबर से 20 अक्तूबर तक जारी रहेगी। सुबह पीक आवर्स में पुराने बस अड्डे से सुबह 9:15 बजे से बस सेवा शुरू हो जाएगी।
एचआरटीसी के ढली स्थित लोकल डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक अंकुर वर्मा ने इसके दिशानिर्देश जारी किए हैं। बस सेवा का नियमित रूप से संचालन सुनिश्चित करने के लिए डिपो के अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी भी तय कर दी गई है। बस सेवाएं सुबह 9:15 बजे से शुरू होंगी। भक्तों की संख्या अधिक होने पर शोघी और आनंदपुर से शटल बस सेवा भी उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि मंदिर में नवरात्र उत्सव में दर्शन और वापसी के लिए यह सुविधा दी जाएगी।
सब इंस्पेक्टर देवी चंद को नोडल अधिकारी नियुक्त कर इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई है। नोडल अधिकारी अड्डा प्रभारियों के साथ समन्वय स्थापित कर श्रद्धालुओं की जरूरत के अनुसार बसों की व्यवस्था करेंगे।
निरीक्षक पदम देव और सब इंस्पेक्टर हरि लाल को आनंदपुर और तारादेवी मंदिर में तैनात किया जाएगा। ये अधिकारी श्रद्धालुओं को बस सेवाओं की जानकारी देने के साथ बसों का संचालन सुनिश्चित करेंगे। एचआरटीसी के कनिष्ठ तकनीकी अधिकारी को बसों को सड़क पर चलने योग्य स्थिति में रखने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। आनंदपुर में बस खराब होने की स्थिति में मेकेनिकल और इलेक्ट्रिकल ट्रेड के तकनीशियन भी तैनात रहेंगे। आरएम ने तीनों सेक्टरों को नवरात्र के दौरान तारादेवी मंदिर के लिए नियमित बस सेवा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
5.