हिमाचल के जिला चंबा में बस चालक की समझदारी से एक बड़ा हादसा होने से टल गया। सीएम ने दो दिन पहले जिस रोड का उद्घाटन किया वह अचानक धंस गया। इससे लोगों से भरी बस खाई में लटक गई।
मगर चालक ने समझदारी दिखाते हुए सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पुलिस के अनुसार यह घटना चंबा के घूम जंजला सड़क मार्ग पर हुई। सीएम वीरभद्र सिंह ने दो दिन पहले हिमाचल दिवस समारोह के दौरान चंबा के चौगान से ही इस सड़क का उद्घाटन किया था।
इसके बाद यहां बस सेवा भी शुरू कर दी गई। पिछले दो दिन की तरह सोमवार को एचआरटीसी की यह बस जंजला से चंबा की ओर रवाना हुई थी। बस में स्कूली बच्चों के अलावा नौकरी पेशा लोग भी सवार थे।
कुल मिलाकर 40 से ज्यादा लोग इस बस में सवार थे। जैसे ही यह बस घूम जंजला के पास से गुजरी कि अचानक इस नई सड़क का डंगा धंस गया। इससे बस खाई में लटक गई। इससे यात्रियों में चीख पुकार मच गई।