शिमला। शहर के ढली और मशोबरा क्षेत्र के डेढ़ हजार से अधिक भवन मालिक अब जल्द ही सीवरेज कनेक्शन ले सकेंगे। इसके लिए पेयजल कंपनी इस एरिया में सीवरेज नेटवर्क बिछाने जा रही है। प्रोजेक्ट पर 22 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। सीवरेज लाइन बिछने से 4700 से अधिक आबादी वाले इस क्षेत्र को फायदा होगा।
यह प्रोजेक्ट कई साल पहले बन चुका था, लेकिन काम अब शुरू हो रहा है। इस इलाके में अब कई बड़े होटल भी खुल चुके हैं। सैकड़ों बहुमंजिला भवन बन चुके हैं। सीवरेज लाइन न होने से इन्हें परेशानी झेलनी पड़ रही है। इस प्रोजेक्ट के तहत इंद्रनगर, लंबीधार, मशोबरा बाजार समेत साथ लगते इलाकों के भवन सीवरेज लाइन से जोड़े जाएंगे। साथ ही दो आधुनिक सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट भी बनाए जाएंगे।
रविवार को शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने मशोबरा में इस प्रोजेक्ट का शिलान्यास किया। उन्होंने निर्देश दिए कि जल्द इसका काम शुरू किया जाए। कंपनी के एजीएम गोपाल कृष्ण ने बताया कि इस प्रोजेक्ट की टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। अगले डेढ़ साल के भीतर इसका काम पूरा कर लिया जाएगा। नगर निगम में यह क्षेत्र साल 2000 के बाद मर्ज किए गए हैं। कोर एरिया की तरह यहां अभी तक सीवरेज लाइन नहीं बिछी थी। लेकिन अब इस प्रोजेक्ट से हजारों भवनमालिकों को फायदा होगा। सीवरेज लाइन बिछाने के बाद लोगों को इसके कनेक्शन मिलेंगे।
बैनमोर, मशोबरा को मिली वार्ड दफ्तर की सुविधा
शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने रविवार को बैनमोर वार्ड के रामचंद्र चौक एरिया में बने नगर निगम के पार्क का उद्घाटन किया। स्थानीय पार्षद किमी सूद ने बताया कि करीब 17 लाख रुपये की लागत से तैयार किए गए इस पार्क में ओपन जिम की भी सुविधा मिलेगी। इसके बाद मंत्री ने संजौली की तांत्या पार्किंग में बने वार्ड कार्यालय का भी उद्घाटन किया। बैनमोर के लोग अब इसी दफ्तर से जरूरी प्रमाण पत्र ले सकेंगे।
इसके बाद शहरी विकास मंत्री ने डिप्टी मेयर शैलेंद्र चौहान के मशोबरा वार्ड में जाकर वार्ड दफ्तर का उद्घाटन किया। सात लाख रुपये की लागत से यह दफ्तर तैयार किया गया है। इस मौके पर मंत्री ने दोनों वार्डों के पार्षदों को बधाई दी। साथ ही लोगों की समस्याएं भी सुनीं। इस मौके पर मेयर सत्या कौंडल, उप महापौर शैलेंद्र चौहान, नगर निगम आयुक्त आशीष कोहली और निगम के कई पार्षद मौजूद रहे।