जिला सोलन में कुमारहट्टी के समीप कुछ वर्ष पूर्व एक स्कूल भवन गिर चुका है। हालांकि, इसमें कोई जानी नुकसान नहीं हुआ था। वहीं सोलन शहर के साथ मां शूलिनी मंदिर के नजदीक भी एक भवन ढह गया था। उक्त भवन को जिला प्रशासन की ओर से पहले ही अनसेफ घोषित कर दिया था। वहीं फोरलेन कार्य के दौरान भी कई घर कटिंग के कारण गिरने की कगार पर आ गए थे, लेकिन उक्त भवनों को अनसेफ घोषित कर उसमें रह रहे लोगों को वहां से बाहर कर दिया गया है।
एक दर्जन भवन अवैध, नोटिस दिए पर कार्रवाई नहीं
सोलन शहर सहित आसपास के क्षेत्रों में भी हादसा हो सकता है। यहां करीब 12 भवन अवैध रूप से तैयार किए गए हैं। इसमें कुछ भवन बहुमंजिला हैं तो कुछ भवन नक्शे से बाहर बनाए गए हैं। हालांकि, नगर परिषद की ओर से उक्त भवन मालिकों को नोटिस दिए हैं, लेकिन अभी तक इनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है। उधर, नगर परिषद सोलन के अध्यक्ष देवेंद्र ठाकुर ने बताया कि नगर परिषद के तहत 12 अवैध भवन हैं। इनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है, जिसमें कुछ मामले कोर्ट में हैं।