80 नए 4जी टावर लगाने की प्रक्रिया शुरू
अगस्त से सेवाएं शुरू करने का रखा है लक्ष्य
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी शिमला में बीएसएनएल के ग्राहक अगस्त से 4जी सेवाओं का लुत्फ उठा सकेंगे। बीएसएनएल ने शहर में 80 नए 4जी टावर लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुराने टावरों को भी 4जी में अपग्रेड किया जाएगा। राजधानी शिमला सहित आसपास के इलाकों के करीब एक लाख बीएसएनएल ग्राहकों को पहले चरण में 4जी सेवाओं का लाभ मिलेगा। दूसरे चरण में राजधानी के साथ लगते ग्रामीण क्षेत्रों और तीसरे चरण में किन्नौर और लाहुल स्पीति में 4जी सेवा शुरू होगी। बीएसएनएल के महाप्रबंधक दूरसंचार जिला शिमला अरविंद शर्मा ने बताया कि शिमला दूरसंचार जिला में करीब 350 लोकेेशन को 4जी से लैस करने का काम किया जाना है।
पहले चरण में राजधानी शिमला सहित 100 लोकेशन में सेवा शुरू होगी। 4जी सेवा शुरू होने से इंटरनेट स्पीड में और अधिक इजाफा होगा। बीएसएनएल का दावा है कि बीते साल दिसंबर में सभी निजी दूरसंचार सेवा प्रदाता कंपनियों ने अपने टैरिफ बढ़ाए थे लेकिन बीएसएनएल ने अपने टैरिफ में कोई बढ़ोतरी नहीं की। इसके बाद बड़ी संख्या में नए ग्राहक बीएसएनएल के साथ जुड़े और दूसरी कंपनी से अपने नंबर बीएसएनएल में पोर्ट भी किए।
एमएस शिमला ब्राडबैंड को पहला पुरस्कार
बीएसएनएल के निदेशक विवेक बांझल ने वीरवार को शिमला में आयोजित कार्यक्रम में साल 2021-22 के लिए शिमला व्यवसाय क्षेत्र के महाप्रबंधक को साल में 6 फीसदी से अधिक राजस्व अर्जित करने के लिए पुरस्कृत किया। इसके अलावा एम/एस शिमला ब्राडबैंड को 1232 एफटीटीएच कनेक्शन लगाने के लिए पहले, ओम साईं इंटरप्राइज धर्मशाला को 881 एफटीटीएच कनेक्शन लगाने के लिए दूसरा और एसवी फाइबरनेट सोलन को 9 ओएलटी लगाने के लिए तीसरे पुरस्कार से सम्मानित किया। मुख्य महाप्रबंधक हिमाचल जेएस सहोता, व्यावसायिक कार्यालय के महाप्रबंधक विवेक दुआ, महाप्रबंधक भुवनेंद्र कुमार और मुख्य अभियंता सुनील कुमार इस दौरान मौजूद रहे।