राष्ट्रीय राजमार्ग मनाली-लेह की बहाली को लेकर बीआरओ ने कमर कस ली है। गुरुवार से मार्ग से बर्फ हटाने का काम शुरू होगा। यह मुहिम मनाली से 22 किलोमीटर आगे पर्यटन स्थल गुलाबा से शुरू होगी। बीते कई सालों से बीआरओ गुलाबा और ब्यासनाला में विधिवत पूजा के बाद एक मार्च से बर्फ हटाने का कार्य शुरू करता रहा है। इस बार फरवरी में यह कार्य शुरू होने से जनजातीय जिले के लोगों को जल्द रोहतांग बहाल होने की उम्मीद बंधी है।
2019 में भारी बर्फबारी से 18 मई को लाहौल का संपर्क मनाली से जुड़ा था। 38 सीमा सड़क कृतिक बल कमांडर कर्नल उमाशंकर ने कहा कि बुधवार को लाहौल के दारचा में चीफ इंजीनियर ब्रिगेडियर एमएस बाघी ने विधिवत पूजा के बाद मशीन को बारालाचा की तरफ रवाना किया। मौसम ठीक होने पर टीम ने रोहतांग बहाली के साथ लेह मार्ग से भी बर्फ हटाने का काम शुरू करने के फैसला लिया है।
लाहौल स्थित बीआरओ की 70 और 94 सड़क निर्माण कंपनी ने घाटी के अंदरूनी मार्ग को स्तींगरी से केलांग, स्तींगरी से दारचा, उदयपुर से तांदी और तांदी से गुफा होटल, अटल रोहतांग सुरंग के नॉर्थ पोर्टल तक बहाल कर आम जन मानस को राहत पहुंचाई है। इस बार भी रोहतांग सहित लाहौल घाटी में रिकार्ड बर्फबारी हुई है। सिस्सू के नर्सरी और गुलाबा में पूजा-अर्चना के बाद बर्फ हटाने का काम शुरू होगा। रोहतांग दर्रा बहाल कर लाहौल का संपर्क मनाली से जोड़ना प्राथमिकता होगी। अत्याधुनिक उपकरणों से लैस स्नोकटर होने से बर्फ की दीवार को भेदकर सड़क को साफ करना आसान हो जाएगा।