बर्फबारी कम होने के कारण सीमा सड़क संगठन ने पहली बार जनवरी माह में मनाली लेह सड़क मार्ग बहाल करने का अभियान छेड़ दिया है। हालांकि, इससे पहले यह अभियान मार्च महीने में शुरू होता आया है।
इस सीजन रोहतांग दर्रा समेत समूचे उतरी पश्चिमी हिमालय क्षेत्रों में बहुत कम बर्फबारी हुई है। लिहाजा अनुकूल मौसम को देखते हुए सीमा सड़क संगठन ने गुलाबा से बर्फ हटाने का अभियान शुरू कर दिया है।
वीरवार को बीआरओ की मशीनरी बर्फ हटाते हुए मढ़ी से नीचे ब्यास नाला तक पहुंच गई है। आगामी कुछ दिनों मौसम अगर यूं ही खुशगवार रहा तो सीमा सड़क संगठन रोहतांग के उतरी छोर से भी मिशन स्नो क्लीयरेंस शुरू कर देगा।