बीआरओ ने बहाल किया मनाली-लेह मार्ग
- फोटो : अमर उजाला
पिछले सप्ताह हुई ताजा बर्फबारी से बंद मनाली-लेह मार्ग स्थित बारालाचा दर्रा को सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने बहाल तो किया। लेकिन ताजा बर्फबारी के चलते यह 24 घंटों के भीतर ही फिर बंद हो गया। चार से पांच फीट बर्फ होने से बीआरओ ने रात दिन माइनस तापमान में कड़ी मशक्कत कर हाईवे-तीन को बहाल किया था। ऐसे में मनाली की तरफ दारचा में 16 दिनों से फंसे 100 से अधिक ट्रक चालकों व लेह की तरफ से उपशी नामक जगह पर फंसे 59 छोटे वाहन चालकों ने राहत की सांस ली थी।
इसमें लेह से मनाली आ रही छोटी गाड़ियों को सबसे पहले उपशी से भेजा गया, जो मनाली पहुंच गईं। मंगलवार सुबह दारचा में सब्जी, सीमेंट, सरिया और ईंटों को लेकर लेह जाने वाले 100 से अधिक ट्रकों सहित करीब 150 वाहनों को दारचा से भेजा गया। देर शाम को फिर से बाराचाला के आसपास बर्फबारी से मार्ग बंद हो गया। उल्लेखनीय है कि मनाली-लेह मार्ग को बीआरओ द्वारा रिकॉर्ड समय में बहाल था।
लेकिन इस दौरान कई बार ताजा बर्फबारी होने से हाईवे-तीन पर यातायात सुचारु रूप से नहीं चल सका। ऐसे में दोनों तरफ से सैकड़ों वाहन फंसे रहे। सबसे अधिक परेशानी दारचा में फंसे 100 से अधिक ट्रक चालकों व सब्जियों के व्यापारियों को हुई, जो पिछले 16 दिनों से दारचा व इसके आसपास फंसे हुए थे। सीमा सड़क संगठन के कमांडर कर्नल उमा शंकर ने कहा कि मनाली-लेह हाईवे ताजा बर्फबारी से फिर बंद हो गया है। लेह की तरफ से आ रहे 59 छोटे वाहन सुरक्षित केलांग व मनाली पहुंचे हैं ।