चार दिनों की बर्फबारी के बाद शनिवार को मौसम साफ हो गया। बीआरओ ने मनाली-केलांग हाईवे तीन को वाया अटल टनल रोहतांग से बर्फ हटाकर यातायात के लिए बहाल कर दिया है। इस दौरान लाहौल में जगह-जगह फंसे लोगों को लाहौल पुलिस, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और बीआरओ की मदद से रेस्क्यू किया गया है। इन लोगों में कुछ पर्यटक और पांगी के लोग शामिल थे। इन लोगों को दोपहर बाद बाकायदा लाहौल पुलिस ने अपने वाहन के साथ लाहौल से मनाली पहुंचाया।
इनमें 28 वाहनों में 230 लोग सवार थे। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने सोलंगनाला से अटल टनल रोहतांग के नार्थ पोर्टल, सिस्सू और केलांग तक जोड़ दिया है। नार्थ पोर्टल से कोकसर मार्ग शनिवार देर शाम जुड़ने की उम्मीद है। शनिवार को अटल टनल सैलानियों के लिए बंद रही। बिजली बोर्ड भी दिन-रात एक कर घाटी में बिजली आपूर्ति बहाल करने में जुटा है। पुलिस अधीक्षक लाहौल स्पीति मानव वर्मा ने पर्यटकों व स्थानीय लोगों से घाटी में बर्फबारी के चलते संवदेनशील इलाकों का रुख न करने की अपील की है।