ब्रिक्स (पांच देशों का समूह) ने हिमाचल की 31 पेयजल स्कीमों को मंजूरी दी है। तीन महीने पहले भेजी गई इन स्कीमों के लिए 680 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। हिमाचल में आचार संहिता खत्म होते ही सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग इसके लिए टेंडर आमंत्रित करेगा।
विभाग का दावा है कि इन स्कीमों के बनने से हिमाचल के मैदानी इलाकों में पेयजल संकट काफी हद तक दूर होगा। स्कीमों के टेंडर आमंत्रित होने पर ब्रिक्स कुल राशि की 30 फीसदी राशि सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग को जारी करेगा जबकि शेष बजट दूसरे चरण में जारी होगा।
हिमाचल प्रदेश की तीन हजार आबादी को इसका फायदा मिलेगा। बीते महीने ब्रिक्स की टीम ने धर्मशाला, मंडी, हमीरपुर और शिमला जोन की प्रस्तावित स्कीमों का दौरा किया था। इसके बाद टीम की शिमला में बैठक हुई।