प्रीति जिंटा ने हाटेश्वरी माता मंदिर में टेका माथा
- फोटो : सोशल मीडिया
बॉलीवुड की बबली गर्ल कही जाने वाली अभिनेत्री प्रीति जिंटा ने हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के रोहड़ू स्थित माता हाटकोटी के दर्शन किए। अभिनेत्री ने माता के दर्शन से संबंधित फोटो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किए हैं। साथ ही लिखा कि- हाटकोटी में हाटेश्वरी माता मंदिर के दर्शन करना हमेशा एक सौभाग्य की बात होती है।
यह हमारे खेत के रास्ते में हमारा पहला पड़ाव है। मुझे याद है कि मैं बचपन से ही अपने माता-पिता और दादा-दादी के साथ इस मंदिर में जाती थी। समय बदल गया है, लेकिन यह मंदिर अभी भी मुझमें वही भावना और भक्ति जगाता है।
जानकारी के अनुसार प्रीति जिंटा अपनी माता से मिलने जुब्बल आई हैं और तीन दिन की छुट्टियां बिताकर शनिवार को वापस लौट रही हैं। प्रीति जिंटा ने शिमला स्थित कान्वेंट ऑफ जीसस एंड मैरी स्कूल से शिक्षा ग्रहण की है और सेंट बीड्स कालेज में भी पढ़ाई की है।
बता दें प्रीति जिंटा की गिनती बॉलीवुड की चुलबुली अभिनेत्रियों में होती है। बता दें कि प्रीति जिंटा ने बॉलीवुड में कदम 1998 में रखा था। उन्होंने पहली फिल्म शाहरुख खान के साथ 'दिल से' की थी। इस फिल्म के बाद से लगातार प्रीति ने कई सुपरहिट फिल्में बॉलीवुड को दीं।
प्रीति की प्रमुख फिल्मों में 'सोल्जर', 'क्या कहना', 'कल हो ना हो', 'सलाम नमस्ते', 'वीर जारा', 'संघर्ष' शामिल हैं। प्रीति इससे पहले भी साल में एक बार अपने रिश्तेदारों व मित्रों से मिलने के लिए हिमाचल आती रहती हैं। पिछली बार वह राजधानी में बाइक की सवारी करती नजर आई थीं।