हिमाचल के जिला कुल्लू से बड़ी खबर आ रही है। यहां दलाश क्षेत्र में एक बोलेरो गाड़ी के गहरी खाई में गिरने से सात लोगों की मौत हो गई है। इस हादसे में छह लोग जख्मी हो गए हैं। पुलिस के अनुसार हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक महिला ने दलाश अस्पताल में दम तोड़ा।
इस हादसे में घायल हुए चार बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर करीब दो बजे बोलेरो गाड़ी (एचपी-35 ए-0500) दलाश से बुहाण बील की ओर जा रही थी। दलाश से डेढ़ किलोमीटर दूर बाटनाड़ू के पास चालक ने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया जिसे यह गाड़ी करीब 300 मीटर खाई में गिर गई।
ये हैं मृतकों की सूची
गाड़ी में 13 लोग सवार थे, जिनमें से छह की मौके पर ही मौत हो गई। एक महिला ने दलाश अस्पताल में दम तोड़ा। मृतकों में गीता राम (45) निवासी रिवाड़ी, रामचंद्र (40) निवासी धार, बीर सिंह (33) निवासी टिप्पल, संजय कुमार (28) निवासी काहुवी, शीला देवी (30) निवासी थरोग, रीना (28) निवासी बुहाण और नेपाली मूल का आठ वर्षीय लोकेंद्र शामिल है।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम आनी डा. चिरंजीलाल चौहान मौके पर पहुंचे। प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को दस-दस हजार और घायलों को पांच-पांच हजार की फौरी राहत दी गई है। आनी के डीएसपी सुरेश चौहान ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की छानबीन शुरू कर दी है।
ये हैं घायलों की सूची
घायलों में हेमंक 4 साल, अंशुल 3 साल, अंकिता 3 साल, आर्यन चार साल के बच्चे शिमला रेफर किए गए हैं, जबकि दो अन्य घायल धनसिंकरी दून नेपाली मूल, दिलासा पांच माह की लड़की का उपचार दलाश सीएचसी में चला है।
गौरतलब है कि पिछले हफ्ते ही चंबा में हुए सड़क हादसे में भी नौ लोगों की मौत हो गई थी। आए दिन हो रहे हादसों से लोग सकते में हैं। वहीं, इन हादसों के लिए खस्ताहाल सड़कें भी काफी हद तक जिम्मेवार है।