पत्नी ने पुलिस में करवाई थी गुमशुदगी की रिपोर्ट, एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। कसुम्पटी क्षेत्र में एक व्यक्ति का शव जंगल में पेड़ से लटका मिला है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी अस्पताल भेज दिया गया है।
मृतक की पहचान 40 वर्षीय गोविंद के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार गोविंद की पत्नी अनिता ने शनिवार को पुलिस चौकी कसुम्पटी में उनके लापता होने की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। इसके बाद पुलिस ने संभावित स्थानों पर उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान हिमुडा कॉलोनी के जंगल में उनका शव एक पेड़ से लटका मिला।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल जुन्गा की टीम को मौके पर बुलाया और साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू की। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव को आईजीएमसी अस्पताल भेज दिया गया। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस ने परिजनों के बयान भी दर्ज कर लिए हैं।
एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि जंगल में एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका मिला है। पुलिस मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है।