रिपन अस्पताल में शिविर का आयोजन, एक व्यक्ति आठ को दे सकता है जीवनदान : डॉ. पुनीत
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। रिपन अस्पताल के कान्फ्रेंस हॉल में बुधवार को सोटो (स्टेट आर्गन एंड टिशु ट्रांसप्लांट ऑर्गेनाइजेशन) की ओर से जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। इसमें सभी खंड चिकित्सा अधिकारियों (बीएमओ) ने भाग लिया। सोटो के नोडल अधिकारी डॉ. पुनीत महाजन ने बताया कि बीएमओ लोगों को अंगदान के प्रति जागरूक करेंगे। कहा कि आईजीएमसी और टांडा मेडिकल कॉलेज में नेत्रदान की सुविधा उपलब्ध है। आईजीएमसी में लाइव किडनी ट्रांसप्लांट की भी सुविधा मुहैया करवाई जा रही है। यहां 5 लाइव किडनी ट्रांसप्लांट ऑपरेशन हो चुके हैं।
डॉ. पुनीत ने बताया कि सिर पर गंभीर चोट लगने, ब्रेन हैमरेज और ब्रेन स्ट्रोक के कारण अगर व्यक्ति ब्रेन डेड होता है तभी वह अंगदान करने के योग्य है। एक व्यक्ति मरने के बाद आठ लोगों को जीवनदान दे सकता है। जीवित अंगदाता जरूरत पड़ने पर नजदीकी रिश्तेदारों को अपने किडनी, लीवर का हिस्सा और बोन मैरो दान करे सकते हैं।
सीएमओ डॉ. सुरेखा चोपड़ा ने कहा कि जिले में बीएमओ के माध्यम से लोगों को अंगदान करने और इससे संबंधित सुविधाओं के बारे में जानकारी उपलब्ध करवाई जाएगी। इस मौके पर डॉ. अभिषेक कपूर, सोटो की कंसलटेंट रामेश्वरी ठाकुर, ट्रांसप्लांट कोआर्डिनेटर नरेश कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।