आईजीएमसी प्रशासन की लापरवाही के चलते बुधवार सुबह मरीज और डॉक्टरों की जान पर बन आई। अस्पताल के रेडियोलॉजी विभाग में स्थापित करोड़ों रुपये की सीटी स्कैन मशीन में अचानक शार्ट सर्किट होने से आग भड़क गई। अभी मरीज को मशीन से बाहर निकाला ही था कि इसमें जोरदार धमाका हो गया।
सारे कर्मचारी, डॉक्टर और मरीज जान बचाकर भागे। गनीमत यह रही कि किसी को भी चोट नहीं लगी। जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह 11 बजे एक मरीज को सीटी स्कैन के लिए लाया गया। अभी इसका सीटी स्कैन शुरू ही हुआ था कि अचानक मशीन से धुआं निकलने लगा। कर्मचारियों ने मरीज को तुरंत बाहर निकाला।
आग की लपटें देख सभी मशीन से दूर हो गए। अभी स्विच ऑफ कर खराबी की जांच शुरू ही हो रही थी कि मशीन में जोरदार धमाका हो गया। आवाज सुनकर विभाग के अंदर और बाहर अफरातफरी मच गई। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार आगजनी की घटना से किसी भी कर्मचारी या मरीज को चोटें नहीं लगी हैं। लेकिन करोड़ों रुपये की मशीन खराब हो गई है।