हाल ही में विधानसभा चुनाव में बेहद कम मार्जिन से हुई हार से कार्यकर्ता-पदाधिकारी निराश न हों और अपने बूथ पर फोकस करें। पदाधिकारियों को लोकसभा चुनाव 2024 तैयारियों के लिए जुट जाने के लिए कहा गया। भाजपा शीर्ष नेतृत्व ने ऊना भाजपा कार्यालय में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पदाधिकारियों को जमीनी स्तर पर जुट जाने का आह्वान किया। प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में मुख्य मुद्दा बूथ सशक्तीकरण और डाटा प्रबंधन रहा। इसके अलावा लोकसभा चुनाव के लिए अभी से मजबूती के साथ तैयारियों पर जोर दिया गया। लोकसभा चुनाव 2024 के लिए कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई।
मंडी संसदीय क्षेत्र पर भाजपा शीर्ष नेतृत्व का विशेष फोकस है। क्योंकि कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष मंडी से मौजूदा सांसद हैं। बूथ सशिक्तीकरण का पाठ पढ़ाते हुए किसी भी स्तर पर कमी न रखने को कहा गया। बैठक में भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप, भाजपा सह प्रभारी संजय टंडन ने पदाधिकारियों को विस्तार से विभिन्न पहलुओं पर टिप्स दिए। आईटी के इस्तेमाल के साथ बेहतर कार्य योजना के भी टिप्स दिए गए। वहीं, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने बैठक में केंद्रीय योजनाओं और बजट को लेकर विस्तार जानकारी दी। बैठक में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, प्रभारी अविनाश राय खन्ना, पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल, सदर ऊना विधायक सतपाल सिंह सत्ती, पूर्व मंत्री गोबिंद सिंह ठाकुर, पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर समेत अन्य मौजूद रहे।