हिमाचल के ब्वॉयज सीनियर सेकेंडरी स्कूल हमीरपुर में रविवार को बीएससी एग्रीकल्चर की प्रवेश परीक्षा देने आए विद्यार्थी खासे परेशान हुए। क्लासरूम में परीक्षा चल रही थी तो मैदान में बीजेपी के त्रिदेव सम्मेलन में हाई वॉल्यूम साउंड सिस्टम लगा था।
मंच से भाजपा के बड़े-बड़े नेता पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम स्थल पर प्रदेश पुलिस प्रमुख, अतिरिक्त उपायुक्त हमीरपुर, एसडीएम हमीरपुर, एडिशनल एसपी और डीएसपी समेत पूरा सरकारी अमला मौजूद रहा।
किसी ने साउंड सिस्टम को बंद करवाने और आवाज को कम करवाने का प्रयास तक नहीं किया। रविवार को जिले के साढ़े तीन हजार छात्रों ने बीएससी एग्रीकल्चर की परीक्षा दी। परीक्षा जिले भर में आधा दर्जन परीक्षा केंद्रों पर ली गई।
सुबह नौ से दोपहर 12 बजे तक परीक्षा हुई। हैरानी की बात तो यह है कि जिला प्रशासन ने कार्यक्रम के लिए दोपहर 12 बजे के बाद साउंड सिस्टम की परमिशन दी थी, लेकिन स्कूल मैदान में उससे पहले की साउंड सिस्टम शुरू हो गया।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाल, कन्या स्कूल, डीएवी स्कूल, एसडी पब्लिक स्कूल, गौतम कॉलेज और ब्लू स्टार स्कूल में परीक्षा ली गई। विद्यार्थियों ने विपिन कुमार, राहुल शर्मा, विनोद ठाकुर, विवेक राणा और आशुतोष ने कहा कि साउंड सिस्टम की वजह से परीक्षा में परेशानी झेलनी पड़ी।
उन्होंने सरकार से साउंड सिस्टम की परमिशन देने वाले अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की है। उधर, ब्वॉयज स्कूल के प्रधानाचार्य मंजू ठाकुर ने बताया कि स्कूल में 800 छात्रों के लिए परीक्षा केंद्र स्थापित था। इनमें 745 छात्रों ने परीक्षा दी। 55 छात्र अनुपस्थित रहे। डीएवी स्कूल के प्रधानाचार्य पीसी वर्मा ने बताया कि स्कूल में 700 छात्रों ने परीक्षा दी।
जिला भर में साढ़े तीन हजार छात्रों ने छह परीक्षा केंद्रों में यह परीक्षा दी। उधर, एसडीएम हमीरपुर अरिंदम चौधरी ने कहा कि स्कूल प्रधानाचार्य और एसएचओ की रिपोर्ट के आधार पर राजनीतिक पार्टी के कार्यक्रम में साउंड सिस्टम की मंजूरी दी गई थी।