भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि प्रशासन ने तो शिमला मैसेज भेज दिया था कि 90 फीसदीं सड़कें बंद हैं, भाजपा का प्रदर्शन नहीं होगा। तब भी बड़ी संख्या में भाजपा का प्रदर्शन हुआ। क्योंकि कष्ट में दुनिया जख्मों पर मरहम लगाती है और वर्तमान कांग्रेस सरकार ने आपदा प्रभावितों पर एफआईआर दर्ज कर गहरे जख्म दे दिए और एफआईआर उन पर दर्ज की गई जिनके इस त्रासदी में घर और जमीन ही चली गई। उन्होंने कहा कि यह सुक्खू सरकार का अत्याचार है। जब तक यह झूठे मुकदमे सरकार वापस नहीं लेगी तब तक हर पोलिंग बूथ पर भाजपा सरकार के खिलाफ एक जंग लड़ेगी।
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि आपदा से परेशान लोगों पर तीन एफआईआर की गई, जिसमें से एक राष्ट्रीय ध्वज के अपमान की एफआईआर है। इन मुकदमों में लोगों को जोड़ने का क्रम अभी भी चल रहा है और पहले क्रमांक इन्होंने खाली रखा है उसमें शायद मेरा ही नाम डालना होगा। जयराम ठाकुर ने कहा कि बरसात के कारण 2,000 करोड़ का नुकसान हुआ है लेकिन सरकार ने बजट प्रावधान ना के बराबर किया है। मंडी में दानी सज्जनों की ओर से राहत के लिए 22 जेसीबी और पोकलेन दी गई हैं, पर कांग्रेस के नेता उनके बिल बनाकर उपायुक्त से बिलों के भुगतान का दबाव डाल रहे हैं। जयराम ने कहा कि मुख्यमंत्री तुरंत आदेश करें कि यह झूठी एफआईआर तुरंत रद की जाए।