भाजपा में टिकट के एक चाहवान को अपने पक्ष में नारेबाजी कर माहौल बनाना उस वक्त महंगा पड़ गया, जब उसे पार्टी अध्यक्ष सतपाल सत्ती के कोपभाजन का शिकार बनना पड़ा। दरअसल, शुक्रवार को भाजपा की परिवर्तन रथ यात्रा टाहलीवाल में प्रवेश करने के उपरांत कुछ ही दूरी पर पहुंची तो एक नेता अपने समर्थकों के साथ रथ यात्रा का स्वागत करने के लिए खड़े हुए थे।
जबकि इससे पहले हरोली भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रो. राम कुमार की अगुवाई में यात्रा का स्वागत हो चुका था। रथ यात्रा में नेता ने पहले अपने समर्थकों के साथ रथ पर बैठे सांसद अनुराग ठाकुर और प्रदेश अध्यक्ष को पटका देकर समानित करना चाहा, लेकिन ऊपर से इशारा हुआ कि गाड़ी लॉक की जाए। यह देख नेता ने बंपर पर चढ़ कर ही पटके शीर्ष नेताओं के हाथों में पकड़ा दिए।