सांसद शांता कुमार ने कहा कि भाजपा लोकसभा चुनावों को लेकर एकजुट है और एक-एक मतदाता तक पहुंचने के लिए संगठन को मजबूत बनाया जा रहा है। साल 2014 का चुनाव भाजपा ने जीता था और नए भारत के निर्माण के लिए विकास कि नींव रखी है, जिस पर कई योजनाएं चलाई हैं।
अब इस विकास की योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए 2019 का चुनाव जीतना है और इस बार भी प्रदेश की चारों सीटें भाजपा भारी बहुमत से जीतेगी। सांसद ने कहा कि नूरपुर भीषण बस हादसा हुआ था जिसमें स्कूली बच्चे मारे गए थे। इसके लिए प्रदेश सरकार और प्रदेश के लोग दु:खी है।
उन्होंने कहा कि अखबार में पढ़ा मृतक बच्चों के परिजन जांच से खुश नहीं है और न्याय चाहते है। उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच हो रही है और वे जानना चाहते हैं कि इस हादसे में मारे गए बच्चों के परिजन जांच से खुश क्यों नहीं है।
उन्होंने कहा कि उन परिवारों में से कोई बताए कि सरकार की जांच में क्या कमी है और अगर वह उन्हें बताएंगे तो वह इस बारे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से बात करके उस कमी को पूरा करने का प्रयास करेंगे।
मेरी इच्छा, इस बार कांगड़ा-चंबा से कोई और लड़े चुनाव
कांगड़ा-चंबा लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने के बारे में पूछे गए प्रश्न के जवाब में शांता कुमार ने कहा कि चुनाव किसे लड़ाना है यह पार्टी तय करती है। उन्होंने कहा कि उनकी इच्छा है कि इस बार कांगड़ा-चंबा लोकसभा सीट से कोई और कार्यकर्ता चुनाव लड़े और हम सब उसे विजयी बनाएं।