भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष की अध्यक्षता में बुधवार को परिधिगृह हमीरपुर में संसदीय क्षेत्र के पूर्व पदाधिकारियों की बैठक हंगामेदार रही। बैठक में हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र के सभी 17 विधानसभा क्षेत्रों से पूर्व मंडल अध्यक्षों और हमीरपुर, बिलासपुर, ऊना, संगठनात्मक जिला देहरा और मंडी के पूर्व जिला अध्यक्ष बुलाए गए थे।
भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष की अध्यक्षता में बुधवार को परिधिगृह हमीरपुर में संसदीय क्षेत्र के पूर्व पदाधिकारियों की बैठक हंगामेदार रही। कुछ वर्तमान विधायकों का टिकट काटने की मांग भी बैठक में उठी। कहा गया अगर टिकट नहीं काटे तो चुनाव नतीजे उलट हो सकते हैं। बैठक में हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र के सभी 17 विधानसभा क्षेत्रों से पूर्व मंडल अध्यक्षों और हमीरपुर, बिलासपुर, ऊना, संगठनात्मक जिला देहरा और मंडी के पूर्व जिला अध्यक्ष बुलाए गए थे। बैठक शाम तीन बजे शुरू हुई। यह साढ़े पांच बजे तक चली। बैठक शुरू होने के करीब पंद्रह मिनट बाद ही पूर्व पदाधिकारियों ने अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों का रिपोर्ट कार्ड पेश करते हुए पार्टी पदाधिकारियों की अनदेखी के आरोप लगा दिए। पूर्व पदाधिकारियों ने कहा कि संसदीय क्षेत्र के दो मंत्री और करीब तीन विधायक मनमानी पर उतर आए हैं।
विज्ञापन
पुराने कार्यकर्ताओं की अनदेखी हो रही है। तीन पूर्व पदाधिकारियों ने तो यहां तक कहा कि वर्तमान सरकार के समय हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में लूट मची हुई है। आरएसएस और एबीवीपी के सर्टिफिकेट लेकर जाने वालों को ही बोर्ड, निगमों समेत अन्य महकमों में मलाईदार ओहदे दिए गए। 40 से 45 वर्ष तक पार्टी के लिए काम करने वाले पूर्व पदाधिकारियों की सुनवाई तक नहीं हो रही। कुछ लोग सरकार में मलाई खाने के बाद कांग्रेस तो कुछ कांग्रेस से भाजपा में शामिल हो रहे हैं। उपमंडल और जिला स्तर पर होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी नहीं दी जा रही। जिला हमीरपुर के पुराने पदाधिकारियों ने मांग उठाई कि अगर सरकार रिपीट चाहते हैं तो पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल को हमीरपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ाना चाहिए। पूर्व चुनाव में भी धूमल के नाम पर भाजपा सत्ता में आई थी। उन्होंने यहां तक कहा कि कुछ विधायकों के लिए विचारधारा का कोई महत्व नहीं, जब मौका मिला तब विभिन्न पार्टियों से चुनाव लड़ा।
हाईकमान तक पहुंचाई जाएगी बात : संतोष
बीएल संतोष ने पार्टी की मजबूती के लिए टिप्स देते हुए कहा कि उनकी बात हाईकमान तक पहुंचाई जाएगी। कहा कि भाजपा में परिवारवाद किसी भी सूरत में बर्दास्त नहीं। पूर्व में शांता कुमार, धूमल मुख्यमंत्री रहे हैं। वर्तमान में जयराम ठाकुर मुख्यमंत्री हैं। ऐसे में सरकारें भाजपा व संगठन की होती हैं, किसी व्यक्ति विशेष की नहीं। बैठक में कोई भी विधायक, वर्तमान मंडल अध्यक्ष और जिले के अध्यक्ष नहीं बुलाए गए। बैठक के बाद पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने हमीरपुर में भाजपा राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष से मुलाकात की।