सीएम जयराम ठाकुर ने सभी विधायकों से मिशन रिपीट के लिए कमर कसने के लिए कहा है। मुख्यमंत्री ने भाजपा के सभी विधायकों से आह्वान किया कि वे ऐसी प्राथमिकताएं दें, जो लोगों से जुड़ी हों और समय पर जमीन पर भी उतर सकें। भाजपा विधायक दल की बैठक राज्य अतिथि गृह पीटरहॉफ शिमला में रविवार शाम सात बजे के बाद हुई। सीएम ने प्रदेश में कितने उद्घाटन और शिलान्यास होने हैं, इसकी डिटेल भी मांगी। साथ ही कहा कि फॉरेस्ट क्लीयरेंस के मामले जल्द निपटाए जाएं।
संसदीय कार्य मंत्री सुरेश भारद्वाज ने स्पष्ट किया कि चूंकि विधायक प्राथमिकता बैठकों में शामिल होने के लिए विधायकों को शिमला आना था। ऐसे में इन बैठकों से पहले ही भाजपा विधायक दल की बैठक बुलाई है। विधायक प्राथमिकता बैठकें सोमवार और मंगलवार को हैं। इनमें सत्ता पक्ष और विपक्ष के सभी विधायक शामिल होंगे। रविवार को बैठक में मुख्यमंत्री ने सभी विधायकों से कहा कि सरकार सभी क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। विधायक सरकार के समक्ष जो मुद्दे रख रहे हैं, उन पर समयबद्ध काम हो रहे हैं। उन्होंने विधायकों से ऐसी प्राथमिकताएं वित्तीय वर्ष 2022-23 के बजट के लिए देने को कहा, जिन पर वक्त रहते काम हो सके। जिनका इसी कार्यकाल काम शुरू किया जा सकेगा।