भाजपा विधायक दल की बैठक मंगलवार को शिमला में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक की शुरुआत संगठन महामंत्री सिद्धार्थन के पिता स्वर्गीय नारायणन के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना के साथ की गई। बैठक के बाद विधायक दल के सचिव एवं विधायक रणधीर शर्मा ने बताया कि बैठक में प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक स्थिति, कांग्रेस सरकार की कार्यशैली तथा आगामी 21 अगस्त से प्रारंभ होने वाले विधानसभा के मानसून सत्र की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि विधायक दल ने प्रदेश सरकार की ओर से भाजपा के विधायकों, पूर्व विधायकों, जिला परिषद सदस्यों, पंचायत प्रतिनिधियों, नगर निकायों के निर्वाचित प्रतिनिधियों और अन्य जनप्रतिनिधियों पर लगातार झूठे मुकदमे दर्ज करने तथा पुलिस-प्रशासन एवं सरकारी एजेंसियों के राजनीतिक दुरुपयोग की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने कहा कि यह लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सीधा हमला है और सरकार प्रतिशोध की भावना से विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है।