प्रदेश में पिछले तीन सप्ताह से जंगल दहक रहे हैं और मुख्यमंत्री तथा अन्य मंत्री लोगों को राहत पहुंचाने की बजाय रैलियां करने में व्यस्त हैं। यह बात भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं नाहन के विधायक डा. राजीव बिंदल ने प्रेसवार्ता के दौरान कही।
प्रदेश सरकार को लोगों की मूलभूत सुविधाओं से कोई लेना-देना नहीं है और सरकार आपसी विरोधाभास में ही उलझी हुई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में राजनीतिक स्थिति और घटनाक्रम काफी अजीबोगरीब सा होता जा रहा है। कांग्रेस की रैली में प्रदेश सरकार का विरोधाभास एक बार फिर देखने को मिला।
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और आईपीएच मंत्री विद्या स्टोक्स ने एक बार फिर से चुनाव लड़ने की बात कही तो वहीं वरिष्ठ मंत्री जीएस बाली ने राजनीति से रिटायरमेंट की बात कहकर वयोवृद्ध नेताओं को सत्ता मोह त्यागने का संदेश दे दिया। कहा कि इस रैली में जो कांग्रेस नेताओं ने बयान दिए उससे यह काफी प्रश्न खड़े हो गए हैं।
कहा कि यदि आयु सीमा का दक्षता और कार्य की क्षमता से कोई संबंध नहीं है तो फिर सरकारी अधिकारियों तथा कर्मचारियों के लिए रिटायरमेंट की आयु निर्धारित क्यों की है। कांग्रेस नेता कहते हैं कि उन पर आयु सीमा लागू नहीं होती है।