भाजपा के मुख्य प्रवक्ता राजीव बिंदल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की ओर से गठित चार्जशीट कमेटी हिमाचल के हर जिले में जाकर सरकार की कारगुजारी के चिट्ठे एकत्र कर रही है। जो तथ्य चार्जशीट में शामिल करने योग्य होंगे, उन्हें संकलित करके राज्यपाल को सौंपा जाएगा, जहां से इसे कार्रवाई के लिए सरकार को भेजा जाता है।
बिंदल ने कहा कि मुख्यमंत्री का यह बयान ‘चार्जशीट को फाड़ कर रद्दी की टोकरी में फेंक दूंगा’ पूरी तरह अलोकतांत्रिक है। यह बयान तानाशाही एवं रजवाड़ा शाही का प्रतीक है। वीरभद्र सिंह प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं। सीएम के बयान से यह जाहिर होता है कि वीरभद्र सिंह ने पहले ही स्वीकार कर लिया है कि उनकी सरकार ऊपर से नीचे तक भ्रष्टाचार में संलिप्त है।
इसलिए वह इस तरह की बयानबाजी कर रहे हैं। बिंदल ने कहा कि मुख्यमंत्री चार्जशीट को तो फाड़ सकते हैं, लेकिन जनता के दिलों में जो भ्रष्टाचार, भाई-भतीजाबाद, युवा बेरोजगार, किसान बागबान व विकास विरोधी छवि वर्तमान कांग्रेस सरकार की बैठ चुकी है, उसे कैसे फाड़ेंगे।