कांग्रेस की गारंटियां 10 जन्मों में भी नहीं होंगी पूरी : जयराम
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने झूठ बोलकर सत्ता हासिल की है। जो गारंटियां उन्होंने दी हैं, वह 10 जन्म तक पूरी नहीं हो सकती हैं। कांग्रेस विधायक 15 महीने में ही सरकार के खिलाफ होकर त्यागपत्र देने लगे हैं। बतौर मुख्य अतिथि झंडूता में भाजपा के स्थापना दिवस कार्यक्रम में उन्होंने यह बात कही। जयराम ने कहा कि भाजपा की सरकार ने 5 साल में साढ़े 19 हजार करोड़ का कर्ज लिया था, जबकि कांग्रेस सरकार ने मात्र 15 महीनों में 18 हजार करोड़ का कर्ज ले लिया है। सुक्खू कहते हैं कि खजाना खाली है तो क्या पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह खजाना भरके गए थे। उन्होंने भी प्रदेश पर भारी भरकम कर्जा छोड़ा था। दावा किया कि लोकसभा चुनावों के साथ प्रदेश में 6 विधानसभा उपचुनाव भी जीतेंगे। परिणाम आने पर एक नहीं, दो सरकार बनेंगी। उधर, अभी तक कांग्रेस चारों लोकसभा क्षेत्रों में उम्मीदवार की तलाश ही कर रही है। पूरी दुनिया को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा है। देश की सबसे बड़ी पार्टी का नेतृत्व छोटे से हिमाचल प्रदेश के पुत्र जगत प्रकाश नड्डा कर रहे हैं। इस अवसर पर झंडूता विधानसभा क्षेत्र के विधायक जीतराम कटवाल, पूर्व मंत्री राजेंद्र गर्ग, झंडूता भाजपा मंडल अध्यक्ष रसम सिंह चंदेल, राकेश गौतम, हरदयाल सिंह, शैलजा शर्मा सहित अन्य पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।