जन्म एवं मृत्यु प्रमाणपत्र को नगर निगम में आवेदन करने वाले लोगों के साथ धोखा हो रहा है। नगर निगम की स्वास्थ्य शाखा से आवेदन फार्म खरीदने के लिए लोगों को लोअर बाजार भेजा रहा है। पहले की तरह सादे कागज पर आवेदन लेने से स्वास्थ्य शाखा इंकार कर रही है।
लोअर बाजार में 3 रुपये से लेकर 20 रुपये में यह फार्म बिक रहा है। स्वास्थ्य शाखा की इस कार्य प्रणाली के चलते लोगों से जबरन उगाही की जा रही है।
नगर निगम प्रशासन ने अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए राजधानी के लोगों की जेब पर डाका डालना शुरू कर दिया है। निगम की स्वास्थ्य शाखा जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण के आवेदन फार्म को बेच रही है।
लोअर बाजार की एक दुकान पर फार्म बिक रहा है। इससे पहले एक सादे कागज पर लोग जन्म, मृत्यु प्रमाणपत्र के लिए आवेदन करते थे। नगर निगम प्रशासन के इस फैसले से मेयर, डिप्टी मेयर और पार्षद भी अंजान हैं।
स्वास्थ्य शाखा में प्रमाणपत्र के लिए आवेदन करने जा रहे लोगों को बाजार से फार्म खरीदने को कहा जा रहा है। मामले की पड़ताल करने पर स्वास्थ्य शाखा के अधिकारी ऑन रिकार्ड तो बाजार में फार्म बेचने की बात से इंकार रहे हैं लेकिन ऑफ रिकार्ड लोगों को सुविधा देने के नाम पर फार्म बेचने की हामी भर रहे हैं। हर रोज सैकड़ों लोग एमसी दफ्तर में यह प्रमाणपत्र बनाने पहुंच रहे हैं।
बाजार भेजने के मामले की होगी जांच
मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डा. सोनम नेगी ने कहा कि सादे कागज पर सही तरीके से लोग नाम और पता नहीं लिखते हैं। इसके चलते फार्म पर आवेदन करने को कहा है। बाजार में फार्म नगर निगम नहीं बेच रहा।
अगर कोई कारोबारी फार्म बेच रहा है तो उसमें नगर निगम क्या कर सकता है? कहा कि उनकी शाखा से अगर किसी व्यक्ति को बाजार की दुकान में भेजा जा रहा है तो वह मामले की जांच करेंगे।
डा. सोनम नेगी ने बताया है कि लोग फार्म की जगह सादे कागज पर भी आवेदन कर सकते हैं। इस पर मनाही नहीं है।
मिलीभगत की हो निष्पक्ष जांच
समाजसेवी रवि कुमार ने कहा कि नगर निगम अपनी कमजोर आर्थिक स्थिति को दुरुस्त करने के लिए लोगों पर अतिरिक्त बोझ डाल रहा है। निगम और कारोबारियों के बीच मिलीभगत की जांच होनी चाहिए। कहा कि इस तरह के मामलों को नगर निगम को सख्ती से जांच करनी होगी।
ध्यान में नहीं है मामला, जांच करूंगा
आवेदन फार्म बाजार में बिकने की बात से मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डा. सोनम नेगी इंकार कर रहे हैं।, महापौर, उपमहापौर भी मामले से अंजान हैं।
महापौर संजय चौहान ने कहा कि इस तरह का मामला उनके ध्यान में नहीं है। अगर फार्म लेने के लिए बाजार में भेजा जा रहा है तो मामले की जांच करेंगे। प्रशासनिक अधिकारियों से जवाबतलब किया जाएगा। जनहित में इस मामले को जल्द सुलझा लिया जाएगा।
लोगों को भेज रहे हैं लोअर बाजार
निगम की स्वास्थ्य शाखा के कर्मी जन्म एवं मृत्यु प्रमाणपत्र का आवेदन करने के लिए फार्म लेने के लिए लोगों को लोअर बाजार की एक दुकान में भेज रहे हैं। शाखा में बताया जा रहा है कि सादे कागज पर आवेदन नहीं लिया जाएगा। फार्म बाजार से खरीदना होगा। वहीं बाजार पहुंचने पर लोगों को यह फार्म अलग-अलग रेट पर दिए जा रहे हैं।
वेबसाइट से डाउनलोड करें फार्म
उपमहापौर टिकेंद्र पंवर का कहना है कि नगर निगम की वेबसाइट पर भी आवेदन करने वाला फार्म उपलब्ध है। इच्छुक लोग नगर निगम शिमला की वेबसाइट पर लॉग इन कर फार्म डाउनलोड कर सकते हैं। बाजार में फार्म बेचने की जानकारी उन्हें नहीं है। मामले की जांच की जाएगी।