हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर की वर्षा शर्मा ने छोटे पर्दे पर एंट्री की है। वर्षा शर्मा एक निजी टीवी चैनल पर शुरू होने जा रहे सीरियल में सर्वेंट की भूमिका में नजर आएंगी। इस सीरियल में छोटे पर्दे के कई नामी कलाकार शामिल हैं। यह सीरियल आगामी 28 अक्तूबर से शुरू होने जा रहा है। बिलासपुर के गांव साईं फरड़या की रहने वाली वर्षा शर्मा एक अभिनेत्री होने के साथ डांसर और मॉडल भी हैं। पिछले कई साल से रंगमंच के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने वाले उड़ान थियेटर ग्रुप के साथ जुड़ी हैं और अभिनय की बारीकियां सीख रही हैं।
विज्ञापन
इसके साथ ही देवभूमि हम कला मंच शिमला की ब्रांड एंबेसडर हैं और उनके साथ जुड़कर हिमाचली संस्कृति, पारंपरिक लोकगीत, पहनावा, बोली, खानपान और रहन-सहन को भी बढ़ावा देने का कार्य कर रही हैं। श्रवण कुमार और सुनीता देवी की पुत्री वर्षा शर्मा ने बताया कि इस टीवी सीरियल में काम करने का मौका उन्हें एक ऑडिशन के माध्यम से मिला है है। उन्होंने इसके लिए अपने माता-पिता और गुरुओं का आभार प्रकट किया है। उनका कहना है कि उन्हें अभिनय के क्षेत्र में अपनी एक अलग पहचान बनानी है, जिसके लिए वह लगातार प्रयास कर रही हैं।