अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन करने वाले 11 खिलाड़ियों को स्वतंत्रता दिवस पर नकद इनाम देकर नवाजा गया। कबड्डी स्टार अजय ठाकुर को सबसे अधिक 16 लाख रुपये की राशि इनाम में मिली। वह सोलन जिले के नालागढ़ से संबंधित हैं। टोक्यो ओलंपिक में भाग लेने वाले मुक्केबाज आशीष कुमार को एक लाख, बिलासपुर की हैंडबाल खिलाड़ी निधि शर्मा को एक लाख, कुल्लू के बंजार की खिला देवी, बिलासपुर की प्रियंका ठाकुर को एक-एक लाख, एशियन खेल में तलवारबाजी स्पर्धा में भाग लेनी वाली शिमला की ज्योतिका दत्ता को एक और हमीरपुर जिले के भारोत्तोलक विकास ठाकुर को एक लाख रुपये का पुरस्कार दिया गया। एशियन खेलों में कबड्डी का सिल्वर मेडल जीतने वाली टीम का हिस्सा रहीं सिरमौर की प्रियंका नेगी, ऋतु नेगी को 10-10 लाख और कुल्लू जिले के मनाली की कविता ठाकुर को साढ़े दस लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी गई। कविता ठाकुर नेशनल चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतने वाली टीम का हिस्सा भी रही हैं।