गोलीकांड के मास्टरमाइंड पुरंजन ठाकुर गिरफ्तार।
- फोटो : संवाद
गोलीकांड मामले में आरोपी पूर्व विधायक बंबर ठाकुर के बेटे पुरंजन को आखिरकार पुलिस ने दबोच ही लिया। वीरवार को पुलिस ने आरोपी सेशन कोर्ट के बाहर गिरफ्तार किया। गोलीकांड मामले में नाम सामने आने के बाद पुरंजन ने प्रदेश हाईकोर्ट शिमला में अग्रिम जमानत याचिका लगाई थी, लेकिन वह कोर्ट में हाजिर ही नहीं हुआ। इस पर बुधवार को हाईकोर्ट ने उसकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी और वीरवार सुबह 10 बजे तक सरेंडर करने के आदेश दिए थे।
पुलिस अधीक्षक विवेक चहल ने प्रेसवार्ता में बताया कि सुबह सूचना मिली कि पुरंजन को सेशन कोर्ट परिसर के आसपास देखा गया है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया। पूर्व विधायक बंबर के बेटे पुरंजन पर आरोप है कि उसने जिला अदालत के बाहर हुए गोलीकांड की साजिश रची थी। मामले में गिरफ्तार शूटर सन्नी ने पुलिस पूछताछ में यह बात कबूल की थी, इसके बाद पुलिस को पुरंजन की तलाश थी। शूटर के आरोपों के आधार पर अब पुलिस पुरंजन से पूछताछ कर सच्चाई सामने लाएगी।
लगातार शूटर के संपर्क में था संदीप
एसपी ने बताया कि मामले में संदीप उर्फ सैंडी को भी गिरफ्तार किया गया है। वह पुरंजन को जानता था और पूरे षड्यंत्र की जानकारी उसको थी। इसके भी पूरे मामले में हाथ होने के काफी सबूत सामने आए हैं। सैंडी लगातार शूटर के संपर्क में था। मामले में अब तक पुलिस ने चार आरोपी गिरफ्तार कर लिए हैं। इनमें मास्टरमाइंड पुरंजन, शूटर सन्नी गिल के अलावा शूटर को पिता के सरकारी आवास में ठहराने वाले आरोपी गौरव नड्डा और संदीप शामिल हैं। मामले में पुलिस को मल्ली नाम के एक और आरोपी की भी तलाश है। एसपी ने बताया कि अभी तक की जांच में गोलीकांड के लिए पांच लाख रुपये देने की बात सामने आई है। शूटर को कितने पैसा मिल चुके हैं, इसके बारे में पता लगाया जाना बाकी है।
यह है मामला
20 जून को बिलासपुर जिला न्यायालय के बाहर हत्या के प्रयास मामले में पेशी पर आए घुमारवीं के सौरभ पटियाल पर शूटर लुधियाना निवासी सन्नी ने गिल ने दो गोलियां चलाई थीं। इसमें एक गोली सौरभ को लगी थी। गिरफ्तारी के बाद सन्नी ने पुलिस को बताया कि पूरे मामले की साजिश पूर्व विधायक के बेटे पुरंजन ने रची थी। मामले में अपराधी मल्ली का नाम भी सामने आया है।