नादौन के कांग्रेस विधायक सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आरोप लगाया है कि मुख्यमंत्री आवास योजना में बहुत बड़ा घोटाला है। इस योजना के तहत मनमर्जी से मकान आवंटित किए जा रहे हैं। इस बारे में डीसी से बात की जाती है तो वह कहते हैं कि इनका नंबर लगाना है, क्योंकि ऊपर से दबाव है। इसलिए सूची को बढ़ाया जाए। सुक्खू ने यह बात अपने एक अनुपूरक प्रश्न में कही।
उन्होंने हमीरपुर के विधायक नरेंद्र ठाकुर के आवास योजना पर लगाए गए एक सवाल पर अनुपूरक प्रश्न किया। नरेंद्र ठाकुर ने अपने क्षेत्र में इस योजना के तहत लाभान्वित किए गए परिवारों का ब्योरा मांगा, जिसे सदन के पटल पर रखा गया। इसी बारे में अपने अनुपूरक सवाल में सुक्खू ने कहा कि उनके अपने नादौन क्षेत्र में भी इस मामले में गड़बड़ी हुई है। उन्होंने इस बारे में जांच की मांग की। कांगड़ा के कांग्रेस विधायक पवन काजल ने भी कहा कि इस योजना के तहत किसी क्षेत्र में 50 तो किसी में 200 या 250 मकान आवंटित किए गए।